Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़ में झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा (JPSC) प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन ने मुस्तैदी की मिसाल पेश की। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी श्री साईमन मरांडी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी एवं अंचलाधिकारी पाकुड़ खुद मैदान में उतरे और विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कानून-व्यवस्था से लेकर परीक्षार्थियों की सुविधाओं, बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था और प्रश्नपत्र की गोपनीयता तक हर पहलू को बारीकी से परखा। किसी भी प्रकार की चूक या लापरवाही न हो, इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने साफ कहा कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सभी कर्मियों को आपसी तालमेल के साथ जिम्मेदारी निभाने और पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया गया।
