Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को अब तेजी से पूरा करने की दिशा में पहल तेज हो गई है। इसी कड़ी में शहरकोल से प्यादापुर तक प्रस्तावित बाईपास सड़क निर्माण कार्य को नया जीवन मिल गया है। पाकुड़ की विधायक निसात आलम ने जानकारी दी कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के लिए झारखंड कैबिनेट ने 45 करोड़ 47 लाख 31 हजार रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
विधायक ने बताया कि इस योजना का निर्माण कार्य भू-अर्जन, यूटिलिटी शिफ्टिंग और वृक्षारोपण जैसे कार्यों के लिए पर्याप्त राशि के अभाव में लंबे समय से अधूरा पड़ा हुआ था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर अतिरिक्त राशि की मांग की थी। उनके प्रयासों के बाद इस प्रस्ताव को कैबिनेट बैठक में रखा गया, जहां से इसे मंजूरी मिल गई।
उन्होंने कहा कि अब धनराशि स्वीकृत होने के बाद बाईपास सड़क का शेष कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। इस सड़क के बन जाने से पाकुड़ शहर में लंबे समय से लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन पहले से कहीं अधिक सुगम हो जाएगा।
विधायक निसात आलम ने स्पष्ट किया कि उनका लक्ष्य पाकुड़ विधानसभा क्षेत्र का समग्र और चौमुखी विकास करना है। क्षेत्र में जो भी योजनाएं अधूरी हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है, ताकि आम जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं मिल सकें।
