Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : हिरणपुर प्रखंड कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित विशेष बैठक में तोड़ाई पंचायत की पंचायत समिति सदस्य विनीता किस्कु को प्रखंड प्रमुख पद पर निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। प्रमुख पद के लिए विनीता किस्कु के अलावा किसी अन्य सदस्य ने नामांकन नहीं किया, जिसके बाद निर्वाचन पदाधिकारी सह अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी ने उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित करते हुए पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
बैठक में निर्वाची पदाधिकारी सह एसडीओ साइमन मरांडी एवं बीडीओ दिलीप टुडू मुख्य रूप से मौजूद रहे। प्रखंड के कुल 16 पंचायत समिति सदस्यों में से पूर्व प्रखंड प्रमुख रानी सोरेन बैठक में उपस्थित नहीं हुईं। निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होने से पहले एसडीओ ने उपस्थित सदस्यों को चुनाव से संबंधित पूरी जानकारी दी और प्रमुख पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू कराई।
नामांकन के दौरान तोड़ाई पंचायत की पंचायत समिति सदस्य विनीता किस्कु ने प्रमुख पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की। उनके अलावा किसी अन्य सदस्य द्वारा नामांकन नहीं किए जाने पर उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। शपथ ग्रहण के बाद पंचायत समिति सदस्यों ने फूलमाला पहनाकर नव निर्वाचित प्रमुख का स्वागत किया।
प्रमुख पद संभालने के बाद विनीता किस्कु ने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि गरीब, वृद्ध महिला एवं पुरुषों को पेंशन योजनाओं से जोड़ने के साथ-साथ प्रखंड में उपलब्ध विकास मद की राशि का पारदर्शी एवं वास्तविक जरूरत के अनुसार क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा।
इस मौके पर उप प्रमुख अब्दुल गनी, सुकुमार मंडल, बबलू मुर्मू, अनु कुमारी सहित अन्य पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहे।
गौरतलब है कि बीते मार्च माह में तत्कालीन प्रखंड प्रमुख रानी सोरेन को पंचायत समिति सदस्यों ने दो-तिहाई बहुमत के आधार पर प्रमुख पद से हटा दिया था। इसके बाद से प्रमुख का पद खाली था। अब विनीता किस्कु के निर्विरोध निर्वाचन के साथ प्रखंड को नया प्रमुख मिल गया है।
