Zila Tak | Pakur
पाकुड़ (PAKUR) साइबर अपराधियों ने अब पाकुड़ की उपायुक्त मेघा भारद्वाज के नाम और तस्वीर का दुरुपयोग कर फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाकर ठगी का नया तरीका अपनाया है। इस फर्जी नंबर +66 616482051 के जरिए जिले के अधिकारियों एवं अन्य लोगों से संपर्क कर रुपये और उपहार की मांग किए जाने का मामला सामने आया है।
उपायुक्त कार्यालय ने स्पष्ट किया है कि उक्त व्हाट्सएप नंबर का उपायुक्त या जिला प्रशासन से कोई संबंध नहीं है। यह पूरी तरह साइबर ठगी का प्रयास है। मामले की सूचना पुलिस अधीक्षक, पाकुड़ को दे दी गई है तथा पुलिस पूरे मामले की जांच करते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुट गई है।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिले के सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, शुभचिंतकों और आम नागरिकों से अपील की है कि यदि इस नंबर या किसी अन्य संदिग्ध नंबर अथवा सोशल मीडिया अकाउंट से उनके नाम पर कोई संदेश, कॉल या धनराशि एवं उपहार की मांग की जाए तो उस पर बिल्कुल विश्वास न करें। साथ ही किसी भी प्रकार की वित्तीय या व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें।
उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या साइबर पुलिस को दें, ताकि साइबर अपराधियों के खिलाफ समय रहते कड़ी कार्रवाई की जा सके।
जिला प्रशासन ने भी आमजन से सतर्क रहने, अफवाहों से बचने तथा किसी भी अनधिकृत संदेश पर भरोसा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करने की अपील की है।
