Zila Tak Desk (PAKUR) पाकुड़ : हिरणपुर की बेटियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब उच्च शिक्षा हासिल करने का सपना देखने वाली छात्राओं को कॉलेज की पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों में भटकना नहीं पड़ेगा। हिरणपुर में जल्द ही महिला कॉलेज की स्थापना की जाएगी, जिससे क्षेत्र की बेटियों को अपने ही इलाके में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक हेमलाल मुर्मू ने इस महत्वपूर्ण पहल की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री ने महिला कॉलेज की स्थापना के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी है। इसके तहत हिरणपुर प्रखंड के पुराने कार्यालय भवन को ध्वस्त कर उसी स्थान पर महिला कॉलेज का निर्माण किया जाएगा।
बेटियों की शिक्षा को मिलेगी नई ताकत
महिला कॉलेज की स्थापना से हिरणपुर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों की छात्राओं को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। आर्थिक तंगी और दूरी के कारण जिन बेटियों की उच्च शिक्षा प्रभावित होती थी, उनके लिए अब शिक्षा के नए दरवाजे खुलेंगे। यह पहल न केवल छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि पूरे क्षेत्र के शैक्षणिक विकास को भी नई गति देगी।
विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
विधायक हेमलाल मुर्मू ने क्षेत्र में सड़क, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए भी संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा और अमरापाड़ा में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
हिरणपुर में महिला कॉलेज की स्थापना का प्रस्ताव क्षेत्र की बेटियों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर सामने आया है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि निर्माण कार्य कब शुरू होगा और यह सपना कब हकीकत में बदलेगा।
