Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : अमड़ापाड़ा प्रखंड क्षेत्र के गौरपाड़ा गांव में 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से करीब 50 वर्षीय महिला कमली पहाड़िन की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, वहीं गांव में शोक की लहर है।
मृतका की पहचान गौरपाड़ा गांव निवासी हड़िया पहाड़िया की पत्नी कमली पहाड़िन के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतका के पति हड़िया पहाड़िया दृष्टिबाधित हैं। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण उनके दोनों बेटे कालू पहाड़िया और जामा पहाड़िया रोजगार की तलाश में केरल गए हुए हैं, जहां वे मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।
कमली पहाड़िन की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक ओर दृष्टिबाधित पति के सामने जीवनयापन की गंभीर चुनौती खड़ी हो गई है, तो दूसरी ओर दोनों बेटे घर से दूर होने के कारण परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इस घटना ने परिवार को गहरे संकट में डाल दिया है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस की ओर से आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
