Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : चुनाव… नाम सुनते ही नेताओं की रैलियां, पोस्टर, नारे और वोटों की जंग याद आती है। लेकिन इस बार चुनावी मुकाबला नेताओं के बीच नहीं, बल्कि खाकी वर्दी के बीच था। जहां न कोई राजनीतिक दल था, न कोई चुनावी मंच… फिर भी रोमांच किसी बड़े चुनाव से कम नहीं था।
पाकुड़ में झारखंड पुलिस एसोसिएशन के चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुए। जिला मुख्यालय स्थित एसोसिएशन कार्यालय में कड़ी सुरक्षा के बीच पुलिस अधिकारियों ने अपने प्रतिनिधियों को चुनने के लिए मतदान किया। सहायक उप-निरीक्षक से लेकर निरीक्षक, मेजर और सार्जेंट तक सभी ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
सबकी निगाहें अध्यक्ष पद के मुकाबले पर थीं, जहां राम आशीष सिंह और चंदन कुमार सिंह के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। मतगणना पूरी होने के बाद राम आशीष सिंह ने 94 वोट हासिल कर 24 मतों के अंतर से जीत दर्ज की और अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया।
उपाध्यक्ष पद पर अनिल कुमार पंडित ने 112 वोटों के साथ शानदार जीत हासिल की। सचिव पद पर सुराई टेपे, संयुक्त सचिव पद पर मंगल किस्कू और कोषाध्यक्ष पद पर अनंत राम ने भी अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर नई टीम में जगह बनाई।
परिणाम सामने आते ही जीत की खुशी में समर्थकों ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। इसके बाद चुनाव पर्यवेक्षकों ने सभी विजयी उम्मीदवारों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राम आशीष सिंह ने कहा कि उनका लक्ष्य पुलिसकर्मियों की आवाज़ को मजबूती से उठाना, एसोसिएशन को और सशक्त बनाना तथा पुलिस बल के हितों की रक्षा के लिए पूरी ईमानदारी से काम करना होगा।
लोकसभा हो, विधानसभा हो या फिर वर्दी के भीतर का लोकतंत्र… हर चुनाव एक संदेश देता है—जीत उसी की होती है, जिस पर भरोसा सबसे ज्यादा होता है। और इस बार पाकुड़ पुलिस एसोसिएशन में यह भरोसा राम आशीष सिंह के नाम रहा।
