Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत देवपुर स्थित निर्माणाधीन श्रीराम मंदिर परिसर में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। यहां आयोजित भव्य महा गंगा आरती में हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बनारस से पहुंचे विद्वान पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ गंगा आरती संपन्न कराई, जिससे पूरा देवपुर क्षेत्र आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गया।
दीपों की जगमगाती रोशनी, शंखनाद, घंटियों की मधुर ध्वनि और हर-हर गंगे के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालु इस अलौकिक दृश्य के साक्षी बने और बड़ी श्रद्धा के साथ गंगा आरती में शामिल हुए। कई श्रद्धालुओं ने कहा कि देवपुर में आयोजित इस महा आरती में उन्हें काशी विश्वनाथ धाम और गंगा घाट की दिव्यता का अनुभव हुआ।
महा गंगा आरती कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी अभियानंद अभिषेक शास्त्री ने की। उन्होंने कहा कि देवपुर अब धीरे-धीरे एक बड़े धार्मिक केंद्र के रूप में विकसित हो रहा है और आने वाले समय में इसे “देवपुर धाम” के नाम से जाना जाएगा। उन्होंने कहा कि यहां भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य जारी है और भविष्य में इससे जुड़े कई बड़े धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन किए जाएंगे।
गंगा आरती में शामिल श्रद्धालुओं ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और यादगार बताते हुए कहा कि देवपुर की धरती पर ऐसी भव्य आरती ने क्षेत्र में नई धार्मिक चेतना का संचार किया है। आयोजन के बाद पूरा क्षेत्र रामभक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं से गूंज उठा।
