Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) जिला समिति की महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में आगामी 30 जून को हूल दिवस के भव्य आयोजन को लेकर विस्तृत रणनीति तैयार की गई। पार्टी ने निर्णय लिया कि जिला मुख्यालय सहित सभी प्रखंडों में अमर शहीद सिदो-कान्हू, चाँद और भैरव समेत सभी वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर हूल दिवस को ऐतिहासिक रूप से मनाया जाएगा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि हूल दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज के संघर्ष, बलिदान और स्वाभिमान की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी जिला मुख्यालय में शहीदों की आदमकद प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया जाएगा। इसके लिए सभी प्रखंडों और पंचायतों के कार्यकर्ताओं को अधिक से अधिक संख्या में लोगों को कार्यक्रम से जोड़ने तथा समय पर जिला मुख्यालय पहुंचने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, गांव-गांव तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने तथा जनता के बीच सक्रिय रहने का आह्वान किया। जिलाध्यक्ष ने सभी प्रखंड अध्यक्षों एवं सचिवों को अपने-अपने क्षेत्रों में भी हूल दिवस को गरिमामय और भव्य रूप से मनाने का निर्देश दिया।
वहीं जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली ने कहा कि झामुमो हमेशा से हूल दिवस को श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाता आया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे समय पर जिला मुख्यालय पहुंचकर कार्यक्रम को सफल बनाएं और वीर शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करें।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष हरिवंश चौबे, केंद्रीय समिति सदस्य मिथिलेश घोष, बुद्धिजीवी मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष प्रकाश सिंह, नगर अध्यक्ष मुकेश सिंह, नगर सचिव नूर आलम, विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष-सचिव एवं बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
