Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : नगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर पुलिस लाइन के समीप रविवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोर नगदी, सोने के आभूषण, कीमती बर्तन ही नहीं बल्कि घर में रखे दो भरे हुए गैस सिलेंडर तक उठा ले गए।
घटना का खुलासा सोमवार दोपहर उस समय हुआ, जब गृहस्वामिनी सुपर्णा प्रमाणिक अपने पति के साथ घर लौटीं। घर पहुंचते ही मुख्य दरवाजे का टूटा ताला देखकर उनके होश उड़ गए। अंदर प्रवेश करने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था और नकदी, सोने के जेवरात, पीतल, एल्यूमिनियम व लोहे के बर्तन समेत कई सामान गायब मिले।
पीड़िता ने बताया कि वे किसी पारिवारिक कार्य से अपने पिता के घर गए हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने मुख्य दरवाजे समेत कई कमरों के ताले तोड़ डाले और आराम से सामान समेटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है तथा चोरी में शामिल बदमाशों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
