Zila Tak | Desk
रांची (RANCHI) : करीब दो वर्षों तक जेल में रहने के बाद झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री Alamgir Alam गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रांची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा से बाहर आए। उनकी रिहाई की खबर मिलते ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह की लहर दौड़ गई। जेल परिसर के बाहर सुबह से ही समर्थकों की भारी भीड़ जमा रही और “सत्य की जीत” के नारे गूंजते रहे।
जेल से बाहर निकलते ही आलमगीर आलम ने सबसे पहले अपने पोते को गोद में लेकर दुलार किया। यह भावुक दृश्य वहां मौजूद समर्थकों के बीच चर्चा का केंद्र बना रहा। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और नारों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया।
उनकी पत्नी एवं पाकुड़ विधायक Nishat Alam अपने बेटे और पोते के साथ जेल पहुंचीं। रिहाई की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आलमगीर आलम सीधे एचईसी स्थित सरकारी आवास पहुंचे, जहां समर्थकों की भारी भीड़ उनकी एक झलक पाने को उमड़ पड़ी।
इस मौके पर झारखंड सरकार की मंत्री Deepika Pandey Singh, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष Keshav Mahto Kamlesh समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं ने उनसे मुलाकात की और इसे “सत्य और न्याय की जीत” बताया।
कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि आलमगीर आलम की गिरफ्तारी राजनीतिक साजिश का हिस्सा थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और केंद्र सरकार के दबाव में ईडी ने उन्हें गलत तरीके से फंसाया, लेकिन अब न्यायिक प्रक्रिया ने सच्चाई सामने ला दी है।
वहीं मीडिया से बातचीत में आलमगीर आलम ने कहा कि कठिन दौर में पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों के समर्थन ने उनका मनोबल कभी टूटने नहीं दिया। उन्होंने सभी के प्रति आभार जताते हुए कहा कि उन्हें न्यायपालिका और कानून पर पूरा भरोसा है। खुद को निर्दोष बताते हुए उन्होंने कहा कि वह कानून का सम्मान करते हैं और आगे भी न्यायिक प्रक्रिया में पूरा सहयोग करेंगे।
अपने भविष्य की राजनीतिक भूमिका पर उन्होंने फिलहाल ज्यादा कुछ कहने से बचते हुए कहा कि उनकी तबीयत अभी पूरी तरह ठीक नहीं है। पहले स्वास्थ्य लाभ करेंगे, उसके बाद आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे।
गौरतलब है कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मई 2024 में कथित भ्रष्टाचार मामले में आलमगीर आलम को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था। बाद में 2024 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने पाकुड़ सीट से उनकी पत्नी निशत आलम को उम्मीदवार बनाया, जिन्होंने चुनाव में जीत दर्ज की।
