Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। लिट्टीपाड़ा-कुंजबोना मुख्य सड़क स्थित लब्दाघाटी की खतरनाक पहाड़ी ढलान पर एक टैंपो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार टैंपो संख्या जेएच 04 टी 5357 मोहनपुर साप्ताहिक हटिया से यात्रियों को लेकर लिट्टीपाड़ा की ओर लौट रही थी। देर रात जब वाहन लब्दाघाटी की पहाड़ी ढलान से गुजर रहा था, तभी चालक संतुलन खो बैठा और टैंपो सड़क पर पलट गई। हादसा इतना भयावह था कि टैंपो में सवार पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के मालिपाड़ा निवासी चारलेस मरांडी (55 वर्ष) और उनकी पत्नी साबित हांसदा (45 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई अनिल पंडित दल-बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस से पाकुड़ सदर अस्पताल भेजा गया। लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। इस हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है, जिसका इलाज चल रहा है।
प्रभारी थाना प्रभारी अनिल पंडित ने बताया कि दुर्घटना में दो लोगों की मौत हुई है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटनाग्रस्त टैंपो को जब्त कर थाना लाया गया है, जबकि चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद मालिपाड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ पति-पत्नी की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
