Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : जिले में बढ़ते अपराध, सड़क हादसों और आगामी बकरीद पर्व को लेकर पाकुड़ पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को साफ संदेश दिया गया कि अपराध और उपद्रव किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में खुलासा हुआ कि अप्रैल माह में दर्ज 76 मामलों के मुकाबले 82 कांडों का निष्पादन किया गया। इसके बावजूद लंबित मामलों को तेजी से निपटाने का निर्देश देते हुए लूट, चोरी, डकैती, गृहभेदन और छिनतई जैसे मामलों के तत्काल उद्भेदन पर जोर दिया गया।
एसपी ने रात में सघन गश्ती, टाइगर मोबाइल की सक्रियता और लगातार वाहन जांच अभियान चलाने का आदेश दिया। हेलमेट, सीट बेल्ट, इंश्योरेंस और ड्रंकन ड्राइविंग पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। वहीं साइबर अपराध, मानव तस्करी, नशामुक्ति, महिला अत्याचार और बाल विवाह के खिलाफ स्कूलों, कॉलेजों और बाजारों में व्यापक जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
आगामी बकरीद को लेकर भी पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखा। संवेदनशील इलाकों की पहचान कर फ्लैग मार्च, मॉक ड्रिल और शांति समिति की बैठकों का निर्देश दिया गया। साथ ही सक्रिय अपराधियों पर CCA Act के तहत कार्रवाई कर दागी और गुंडा पंजी में नाम दर्ज कर लगातार निगरानी रखने का आदेश दिया गया।
बैठक के अंत में पुलिस कर्मियों की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
