Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़ जिले के लखीनारायण गांव में शुक्रवार आधी रात एक बेहद दर्दनाक और हृदय विदारक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गांव में एक सियार ने तीन महीने की मासूम बच्ची को अपना शिकार बना लिया। घटना के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार और मातम का माहौल है।
बताया जा रहा है कि रात के समय परिवार के लोग घर में सोए हुए थे, तभी सियार घर में घुस आया और तीन महीने की बच्ची को उठा ले गया। काफी खोजबीन के बाद मासूम का क्षत-विक्षत शव गांव के पास खेत से बरामद किया गया। बच्ची की हालत देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इतना ही नहीं, उसी दौरान एक अन्य बच्ची पर भी सियार ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घायल बच्ची का इलाज कराया जा रहा है।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में वन विभाग और प्रशासन के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है। लोगों का कहना है कि जंगली जानवरों की बढ़ती गतिविधियों से गांव के लोग लगातार भय के साए में जी रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा मामले की जांच में जुट गई है। वहीं ग्रामीणों ने इलाके में सियारों को पकड़ने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
