Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : धरमपुर मोड़ से पाकुड़ डीसी आवास तक बन रही सड़क अब प्रशासन की सख्त निगरानी में है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने निर्माण कार्य का स्थल निरीक्षण कर प्रगति का जायजा लिया और स्पष्ट संदेश दिया कि गुणवत्ता और समयसीमा में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को निर्देश दिया कि सड़क निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने खासतौर पर इस बात पर जोर दिया कि बरसात के मौसम में जलजमाव की समस्या न हो, इसके लिए मजबूत ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जाए, ताकि आम लोगों को आवागमन में कोई परेशानी न झेलनी पड़े।
उपायुक्त ने कहा कि जहां-जहां बाइपास या वैकल्पिक मार्ग बनाए जा रहे हैं, वहां समुचित समतलीकरण, जल निकासी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना अनिवार्य है। उन्होंने निर्माण एजेंसी को चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
भारी वाहनों के दबाव को देखते हुए सड़क की मजबूती पर विशेष ध्यान देने का निर्देश देते हुए उन्होंने अधिकारियों से कहा कि निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और किसी भी कमी को तुरंत दुरुस्त किया जाए।
निरीक्षण के दौरान सड़क के अलाइनमेंट, पेड़ों के समायोजन, लाइटिंग व्यवस्था, मीडियन और शहरी कनेक्टिविटी से जुड़े पहलुओं की भी गहन समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने कहा, सड़क निर्माण सिर्फ एक ढांचा नहीं, बल्कि आम जनता की सुविधा, सुरक्षा और विकास से जुड़ा अहम विषय है। हर काम टिकाऊ और जनहित में होना चाहिए, ताकि लोगों को लंबे समय तक लाभ मिल सके।
