Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़ नगर परिषद की एक अहम बैठक मंगलवार को नगर अध्यक्ष सबरी पाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें शहर के विकास, सौंदर्याकरण और नागरिक सुविधाओं को लेकर कई बड़े और निर्णायक फैसले लिए गए। बैठक में अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि अब शहर में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कार्य तय समय सीमा में हर हाल में पूरे किए जाएंगे।
बैठक के दौरान सर्वसम्मति से स्टैंडिंग कमेटी का गठन किया गया। उपाध्यक्ष राणा ओझा के प्रस्ताव पर वार्ड 19 की तनु दास, वार्ड 11 की निभा देवी, वार्ड 08 के अनिकेत गोस्वामी, वार्ड 16 के मो. रियाज अंसारी और वार्ड 14 के मो. मुस्ताक अंसारी उर्फ राजा को समिति का सदस्य चुना गया।
नगर अध्यक्ष के नेतृत्व में शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के उद्देश्य से दो बड़े प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। अंबेडकर चौक पर एक भव्य घंटाघर का निर्माण किया जाएगा, साथ ही पूरे क्षेत्र का व्यापक सौंदर्याकरण किया जाएगा। इसके अलावा हाटपाड़ा हटिया के प्रवेश द्वार पर आकर्षक तोरण द्वार बनाए जाने का भी निर्णय लिया गया, जिससे शहर की पहचान और खूबसूरती दोनों को नया आयाम मिलेगा।
सफाई व्यवस्था को लेकर अध्यक्ष सबरी पाल ने कड़ा रुख अपनाते हुए सभी वार्ड सुपरवाइजरों को नियमित और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल बदलने और चिन्हित नए स्थानों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था स्थापित करने का भी आदेश दिया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर परिषद के सभी 21 वार्डों के पार्षद एवं कार्यालय कर्मी मौजूद रहे। बैठक के फैसलों से साफ है कि अब पाकुड़ शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक बनाने की दिशा में तेज़ी से काम होगा।
