Zila Tak | Desk
साहिबगंज (SAHIBGANJ) : जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। अज्ञात अपराधियों ने बरुण जयसवाल के घर को निशाना बनाते हुए करीब 4 से 5 बम फेंके। यह घटना रात लगभग 12 से 1 बजे के बीच की बताई जा रही है।
हमले में घर का शटर गेट बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। धमाकों की आवाज से आसपास के लोग सहम गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बरुण जयसवाल क्षेत्र में चल रहे अवैध कारोबार, विशेषकर अवैध बालू खनन और बिना चालान के चलने वाले भारी वाहनों के खिलाफ लगातार आवाज उठाते रहे हैं। वे सोशल मीडिया के माध्यम से इन गतिविधियों को उजागर कर प्रशासन और आम जनता तक जानकारी पहुंचाते थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण माफिया तत्वों ने उन्हें निशाना बनाया।
घटना के बाद बरुण जयसवाल ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपनी सुरक्षा को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है। इस संबंध में उन्होंने कोटालपोखर थाना में लिखित आवेदन दिया है, जिसकी प्रतिलिपि एसपी, डीआईजी और डीसी को भी भेजी गई है।
