Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए पाकुड़ वन प्रमंडल ने हिरणपुर प्रखंड के बरमसिया क्षेत्र में बत्तख बच्चा वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। शनिवार (26 अप्रैल) को बीरगांव और दुलमीडांगा गांव की चयनित एवं प्रशिक्षित महिलाओं के बीच बत्तख पालन किट का वितरण किया गया।
इस पहल की खास बात यह रही कि लाभुक महिलाओं को पहले ही 19 अप्रैल को प्राथमिक विद्यालय दुलमीडांगा परिसर में विशेषज्ञों द्वारा बत्तख पालन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया था। प्रशिक्षण के बाद अब उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के लिए आवश्यक संसाधन भी उपलब्ध कराए गए।
कार्यक्रम के दौरान नव पदोन्नत वनक्षेत्र पदाधिकारी श्री बबलू कुमार देहरी द्वारा प्रत्येक लाभुक दीदी को 50 बत्तख बच्चे, 50 किलो फीड, दवाएं और एक डलिया प्रदान किया गया। सामग्री पाकर महिलाओं के चेहरे पर उत्साह साफ झलक रहा था।
लाभुक महिलाओं ने वन प्रमंडल की इस पहल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे उन्हें आय के नए स्रोत मिलेंगे और वे आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगी।
वहीं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने बताया कि यह योजना केवल एक वितरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ठोस कदम है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे, जिससे गांव की महिलाएं सशक्त होकर अपने परिवार और समाज के विकास में अहम भूमिका निभा सकें।
