Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़ में नई उपायुक्त मेघा भारद्वाज के आते ही प्रशासनिक तेवर पूरी तरह बदल गए हैं। वर्षों से बदहाल और गड्ढों में तब्दील हो चुकी पाकुड़–हिरणपुर मुख्य सड़क (NH333A) पर अब सुधार की गूंज सुनाई देने लगी है। पदभार संभालते ही DC ने इस बड़ी जनसमस्या पर सीधा प्रहार करते हुए मरम्मत कार्य को तत्काल प्रभाव से शुरू करा दिया है।
यह वही सड़क है, जो अब तक लोगों के लिए मुसीबत का दूसरा नाम बन चुकी थी। हिरणपुर से पाकुड़ की दूरी तय करना हिचकोलों, धूल और खतरे से भरे सफर में बदल चुका था। आए दिन लोग इस जर्जर सड़क को लेकर आक्रोश जताते रहे, लेकिन समाधान की दिशा में ठोस कदम नहीं उठ पाए थे।
अब हालात बदलते दिख रहे हैं। DC के सख्त निर्देश के बाद प्रशासन ने बिना किसी देरी के सड़क पर बने जानलेवा गड्ढों को भरने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। सड़क पर दौड़ती मशीनें और तेजी से चलता काम यह साफ संकेत दे रहा है कि अब लापरवाही नहीं, बल्कि परिणाम दिखाने का दौर शुरू हो चुका है।
इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों में उम्मीद की नई किरण जगी है। लोगों का कहना है कि सालों की परेशानी के बाद अब पहली बार राहत महसूस हो रही है।
