Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़ में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री रणधीर सिंह ने पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव पर तीखा हमला बोला। राजबाड़ी में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने पप्पू यादव के हालिया बयानों को लेकर कड़ा ऐतराज जताया और उन्हें महिला विरोधी मानसिकता वाला नेता करार दिया।
रणधीर सिंह ने कहा कि पप्पू यादव की टिप्पणियाँ न केवल अशोभनीय हैं, बल्कि यह उनकी सोच और चरित्र को भी उजागर करती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं और राजनीति को लेकर दिए गए बयान समाज के लिए बेहद निंदनीय हैं।
पूर्व मंत्री ने तीखे शब्दों में कहा, “देश की माताओं और बहनों पर अभद्र टिप्पणी करना किसी भी जनप्रतिनिधि को शोभा नहीं देता। दूसरों पर उंगली उठाने से पहले उन्हें अपने परिवार और आचरण पर नजर डालनी चाहिए।”
उन्होंने आगे कहा कि पप्पू यादव एक “अक्षम सांसद” और “गिरे हुए चरित्र” के नेता हैं, जिनमें नैतिकता का अभाव है। रणधीर सिंह ने यह भी जोड़ा कि ऐसे “बहुरूपिये” नेताओं का समय अब समाप्त हो चुका है और जनता उनकी वास्तविकता पहचान चुकी है।
प्रेस वार्ता के अंत में उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले समय में बिहार-झारखंड की जनता महिला सम्मान के खिलाफ बोलने वालों को मुंहतोड़ जवाब देगी। उन्होंने साफ किया कि महिलाओं का अपमान करने वाले किसी भी व्यक्ति को समाज और राजनीति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
