Zila Tak | Desk
साहिबगंज (SAHIBGANJ) : बरहरवा में इन दिनों ट्रैफिक नियम नहीं, बल्कि जुगाड़ सिस्टम चल रहा है। सड़क किनारे बड़े-बड़े अक्षरों में लिखा है— NO ENTRY FOR HEAVY VEHICLES (सुबह 7:00 बजे से रात 10:00 बजे तक) लेकिन ज़मीनी हकीकत कुछ और ही कहानी सुना रही है।

यहां नो एंट्री का मतलब शायद अब यह हो गया है— बोर्ड लगा है, मानना जरूरी नहीं! दिन के समय ट्रक और डंपर ऐसे दौड़ रहे हैं, जैसे किसी ने इन्हें VIP पास दे दिया हो। हॉर्न की आवाज और उड़ती धूल के बीच नियम कहीं गुम हो चुके हैं।
स्कूल जोन या ट्रक जोन?

मामला और भी गंभीर इसलिए है क्योंकि यह वही रास्ता है जहां बोहरा विद्यालय, होली फैमिली स्कूल, किड्स केयर स्कूल जैसे स्कूल मौजूद हैं। आगे बीएसके कॉलेज और मां बिंदुवासिनी मंदिर का रास्ता भी यहीं से गुजरता है। यानि एक तरफ बच्चे बैग लेकर स्कूल जा रहे हैं, और दूसरी तरफ भारी वाहन रफ्तार की क्लास ले रहे हैं!
खराब सड़क, बढ़ता खतरा
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क की हालत पहले से ही जर्जर है—जगह-जगह गड्ढे और उड़ती धूल परेशानी को और बढ़ा रहे हैं। ऐसे में भारी वाहनों का प्रवेश दुर्घटनाओं की आशंका को कई गुना बढ़ा देता है। खासतौर पर स्कूल समय में इन वाहनों की आवाजाही अभिभावकों और स्थानीय लोगों के लिए चिंता का बड़ा कारण बन चुकी है।
सबसे बड़ा सवाल यही है जब आदेश खुद पुलिस ने दिया, तो उसकी निगरानी कौन करेगा? क्या प्रशासन इस खतरे से अनजान है, या फिर जानबूझकर आंखें मूंदे बैठा है?
हादसे का इंतजार?
स्थानीय लोगों में आक्रोश साफ झलक रहा है। उनका कहना है कि अगर अभी भी सख्ती नहीं हुई, तो कोई बड़ा हादसा होना तय है। और तब सवाल सिर्फ हादसे का नहीं, जिम्मेदारी का भी होगा। लोगों ने साफ कहा है— या तो ‘नो एंट्री’ को सख्ती से लागू किया जाए या फिर इस तरह के आदेशों का दिखावा बंद किया जाए
