Zila Tak | Desk
साहिबगंज (SAHIBGANJ) : बरहरवा क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बीते कुछ दिनों के भीतर हुई अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो चुकी है। इसके बावजूद भी प्रशासन की ओर से ठोस और व्यापक कार्रवाई नहीं किए जाने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि क्षेत्र में बिना नंबर प्लेट वाले वाहन खुलेआम सड़कों पर चल रहे हैं। इससे न केवल नियमों का उल्लंघन हो रहा है, बल्कि दुर्घटना होने की स्थिति में वाहनों की पहचान करना भी मुश्किल हो जाता है।
इसके अलावा, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि कई बार कम उम्र के बच्चे दोपहिया और अन्य वाहन चलाते देखे जाते हैं, जो सुरक्षा के दृष्टिकोण से गंभीर चिंता का विषय है।
वहीं, ओवरस्पीडिंग की समस्या भी क्षेत्र में लगातार बनी हुई है। मुख्य सड़कों से लेकर ग्रामीण मार्गों तक तेज रफ्तार में वाहन चलाए जा रहे हैं, लेकिन नियमित रूप से जांच अभियान नहीं चलने के कारण स्थिति पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। वर्तमान में की जाने वाली जांच अधिकतर हेलमेट तक सीमित रहने की बात भी सामने आई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की जाए, नाबालिग चालकों पर सख्ती बरती जाए तथा ओवरस्पीडिंग रोकने के लिए नियमित जांच अभियान चलाया जाए।
नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले दिनों में सड़क हादसों की संख्या में और वृद्धि हो सकती है।
