Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र से एक ऐसी हृदयविदारक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को शोक और गुस्से में डुबो दिया है। एक पिता अपनी नन्ही बेटी को स्कूल छोड़ने निकला था, लेकिन किसे पता था कि यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी सफर बन जाएगा।
बताया जा रहा है कि शहरपुर निवासी सिदो किस्कू अपनी 8 वर्षीय मासूम बेटी को बाइक से स्कूल छोड़ने जा रहे थे। सुबह का वह सामान्य सा दिन अचानक मातम में बदल गया, जब शहरपुर मौजा स्थित लोकनाथ भगत क्रशर प्लांट से निकल रही एक तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि सिदो किस्कू की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं उनकी मासूम बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते भारी संख्या में ग्रामीण जुट गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गुस्साए लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों के लिखित आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और मामले की जांच जारी है।
