Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR): पाकुड़ सदर प्रखंड के सोनाजोड़ी स्थित प्रधान टोला गांव में उस वक्त मातम पसर गया, जब चार दिनों से लापता 28 वर्षीय कान्हु किस्कू का शव शहरकोल स्थित एक खदान में तैरता हुआ बरामद किया गया। इस हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, कान्हु किस्कू बीते चार दिनों से लापता थे। परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे थे और उन्हें आशंका थी कि वह शहरकोल की खदान में डूब गए हैं। सोमवार को वह शहरकोल फुटबॉल मैदान में मैच देखने गए थे, लेकिन उसके बाद घर वापस नहीं लौटे।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कुछ बच्चों ने उन्हें खदान की ओर जाते हुए देखा था, जिसके बाद से ही परिजनों की चिंता और बढ़ गई थी।
शुक्रवार सुबह खदान के आसपास मौजूद लोगों ने पानी में एक शव तैरता हुआ देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान कान्हु किस्कू के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।इधर, मृतक अपने पीछे पत्नी, दो छोटे बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता को छोड़ गए हैं। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।
यह घटना एक बार फिर क्षेत्र में खुले और असुरक्षित खदानों को लेकर बड़े सवाल खड़े करती है।
