Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR): वर्षों से उठ रही मांग आखिरकार पूरी हो गई। पाकुड़ रेलवे स्टेशन को बड़ी राहत देते हुए अब हावड़ा न्यू जलपाईगुड़ी शताब्दी एक्सप्रेस और सेंट्रल जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस का ठहराव आधिकारिक रूप से शुरू हो गया है।
इस महत्वपूर्ण सुविधा का उद्घाटन केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने ऑनलाइन माध्यम से किया। उद्घाटन के साथ ही पूरे इलाके में उत्साह और खुशी की लहर दौड़ गई।
लंबे समय से इस मांग को लेकर स्थानीय लोग आंदोलन, ज्ञापन और जनप्रतिनिधियों के माध्यम से आवाज उठाते रहे थे। क्षेत्र के सांसद विजय हांसदा ने भी यात्रियों की सुविधा को लेकर कई बार इस मुद्दे को सदन में प्रमुखता से उठाया था।
इस मौके पर हावड़ा डिवीजन के डीआरएम विशाल कपूर की मौजूदगी में ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि बताया है। उनका कहना है कि इस ठहराव से न सिर्फ यात्रियों को सीधी और तेज कनेक्टिविटी मिलेगी, बल्कि व्यापार, शिक्षा और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
अब इस नई सुविधा से पाकुड़ और आसपास के इलाकों के लोगों के लिए लंबी दूरी की यात्रा पहले से कहीं अधिक आसान और सुगम हो जाएगी।
