Zila Tak | डेस्क
पाकुड़ (PAKUR): आज का महेशपुर एक साधारण उपमंडल है 33 पंचायतों वाला, विकास की राह पर बढ़ता हुआ एक इलाका। लेकिन इस मिट्टी को अगर थोड़ा कुरेदिए… तो नीचे से इतिहास की ऐसी सिसकियाँ निकलती हैं, जो रूह तक को हिला देती हैं।
यही वो धरती है… जहाँ कभी सुल्तानबाद नाम की एक विशाल रियासत सांस लेती थी। जहाँ तलवारों की खनक थी, राजसी शान थी, और एक ऐसा साम्राज्य था जिसकी सीमाएँ 3,000 वर्ग मील तक फैली थीं—घने जंगलों, 52 पहाड़ियों और अनगिनत कहानियों के बीच।
साल 1315 ईस्वी… जब राजा बांकू सिंह ने इस रियासत की नींव रखी, तब शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि ये कहानी एक दिन इतिहास की धूल में दफ्न हो जाएगी। एक योद्धा… एक विजेता… और एक ऐसा शासक, जिसने वीरता से इस धरती को पहचान दी।
सिंथबक गाँव… जहाँ कभी इस रियासत की राजधानी थी। वहीं विराजमान थीं माँ सिंहबाहिनी देवी—राजघराने की अधिष्ठात्री, राज्य की रक्षक। कहते हैं, उनके आशीर्वाद से ही यह राज फला-फूला… और जब-जब राजधानी बदली—देबीनगर से होते हुए महेशपुर तक—देवी भी साथ चलती रहीं।
जैसे वो इस भूमि को कभी अकेला छोड़ना ही नहीं चाहती थीं।समय के साथ राजाओं ने अपनी राजधानी बदली…राजा गुरजन सिंह ने 1753 में महेशपुर को नई पहचान दी। पर असली पहचान उस दौर में बनी, जब राजसिंहासन पर बैठे राजा इंद्र नारायण सिंह और उनके बाद उनकी पत्नी रानी राधा पेयरी देवी।
ये सिर्फ राजा-रानी नहीं थे…ये उस दौर के “जनसेवक” थे, जब “सेवा” शब्द सत्ता से कोसों दूर था। उन्होंने सड़कों का जाल बिछाया… गरीबों के लिए धर्मार्थ औषधालय खोले…प्यासे इलाकों में पानी पहुँचाया…और सबसे बड़ी बात—उस समय में, जब बेटियों की शिक्षा एक सपना थी, उन्होंने “रानी राधा पेयारी गर्ल्स हाई स्कूल” जैसी संस्थाएं खड़ी कर दीं।
उनकी सोच समय से आगे थी…उनका दिल अपनी प्रजा के लिए धड़कता था…लेकिन हर कहानी का एक ऐसा मोड़ आता है… जहाँ सब कुछ बदल जाता है।
साल 1920…जब रानी राधा पेयरी देवी ने इस दुनिया को अलविदा कहा…तो सिर्फ एक रानी नहीं गई…जैसे इस रियासत की आत्मा ही बुझ गई।धीरे-धीरे राजमहल वीरान होते गए…दीवारों की चमक फीकी पड़ गई…और वो रास्ते, जहाँ कभी घोड़ों की टाप गूंजती थी, आज सन्नाटे में डूब गए।
12 जुलाई 1952—वो दिन, जब महेशपुर राज भारत में विलय हो गया…और 700 साल पुरानी एक रियासत…एक इतिहास बनकर रह गई।आज भी जब आप महेशपुर की गलियों से गुजरते हैं…तो हवा में एक अजीब सी बेचैनी महसूस होती है…जैसे कोई अधूरी कहानी आपको पुकार रही हो…नदियाँ—बंसलॉय, पगला, ब्राह्मणी—जो कभी इस राज की जीवनरेखा थीं, आज भी बहती हैं…लेकिन उनके किनारों पर खड़े होकर अगर आप ध्यान से सुनें…तो ऐसा लगता है जैसे वो भी उस खोए हुए वैभव का मातम मना रही हों।
समय ने बहुत कुछ बदल दिया…अब यहाँ संथाल समुदाय की बड़ी आबादी है…नई पीढ़ी है… नए सपने हैं…लेकिन सवाल अब भी वही है—क्या हम अपनी उस विरासत को सच में समझ पाए हैं,जिसकी नींव में 700 साल का इतिहास और अनगिनत बलिदान छिपे हैं?
