पाकुड़ (PAKUR): अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के खंडोंकांटा, दुधाजोर, आमझारी और दलानघुटू इलाकों में इन दिनों बालू का अवैध कारोबार किसी छुपे खेल की तरह नहीं, बल्कि खुलेआम ‘सिस्टम को चुनौती’ देता नजर आ रहा है। दिन में जहां सब कुछ शांत और सामान्य दिखता है, वहीं जैसे ही सूरज ढलता है, नदियों के घाटों पर गतिविधियां तेज हो जाती हैं।
रात के अंधेरे में ट्रकों की गड़गड़ाहट और बालू लोडिंग का सिलसिला इस कदर बढ़ जाता है मानो कोई अनकहा ‘नाइट ऑपरेशन’ चल रहा हो। अमड़ापाड़ा नदी से बड़े पैमाने पर बालू उठाकर उसे बेखौफ अंदाज में पश्चिम बंगाल की मंडियों तक पहुंचाया जा रहा है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि यह पूरा खेल लगातार और व्यवस्थित तरीके से चल रहा है, लेकिन जिम्मेदार तंत्र की ओर से सख्त कार्रवाई का अभाव साफ नजर आता है। ऐसे में सवाल उठना लाजिमी है कि आखिर किसके संरक्षण में यह अवैध कारोबार फल-फूल रहा है?
अब सबसे बड़ा सवाल—क्या प्रशासन इस ‘बालू माफिया’ के बढ़ते हौसले पर लगाम कस पाएगा, या फिर यूं ही रात के सन्नाटे में कानून को रौंदते ट्रकों की गूंज सुनाई देती रहेगी?
