Zila Tak | Desk
साहिबगंज (PAKUR): साहिबगंज जिले के कोटालपोखर थाना क्षेत्र में इन दिनों राजस्व चोरी का काला खेल चरम पर है। हालात यह हैं कि कानून सिर्फ कागजों तक सिमट गया है, जबकि जमीनी स्तर पर खुलेआम नियमों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, कोटालपोखर के ढाटापाड़ा क्षेत्र से प्रतिदिन एक-दो नहीं, बल्कि सैकड़ों पत्थर लदे ट्रक बिना माइनिंग चालान के बेखौफ सड़कों पर दौड़ रहे हैं। ये ट्रक जीवनपुर और रहीमटाड़ चेकपोस्ट को ऐसे पार कर रहे हैं, मानो वहां कोई जांच व्यवस्था मौजूद ही न हो।
सरकार ने जिन चेकपोस्टों को खनिज परिवहन में पारदर्शिता और राजस्व चोरी रोकने के लिए स्थापित किया था, वही अब कथित तौर पर उगाही के केंद्र बन गए हैं। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि पत्थर माफियाओं और कुछ भ्रष्ट अधिकारियों की मिलीभगत से पूरा नेटवर्क संचालित हो रहा है, जहां बिना चालान गुजरने वाली हर गाड़ी से मोटी रकम वसूली जाती है।
यह खेल न सिर्फ झारखंड सरकार को हर दिन लाखों और हर महीने करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि कानून-व्यवस्था की साख पर भी गहरे सवाल खड़े कर रहा है। सबसे गंभीर आरोप यह है कि इस पूरे मामले में स्थानीय थाना कोटालपोखर की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
इसी बीच, जब इस पूरे मामले की जानकारी साहिबगंज के उपायुक्त हेमंत सती को वाट्सऐप के माध्यम से दी गई, तो उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द जांच और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अब यह मामला प्रशासन के लिए अग्निपरीक्षा बन गया है। सवाल सीधा है क्या इस खुले खेल पर लगाम लगेगी, या फिर कार्रवाई के नाम पर सिर्फ आश्वासन ही चलता रहेगा?
फिलहाल, जनता की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं। अगर इस बार भी ठोस कार्रवाई नहीं हुई, तो यह मामला सिर्फ राजस्व चोरी नहीं, बल्कि सिस्टम की विश्वसनीयता पर सबसे बड़ा सवाल बन जाएगा।
