Zila Tak| Desk
पाकुड़ (PAKUR): भारतीय जनता पार्टी के 47वें स्थापना दिवस के अवसर पर पाकुड़ के बागतीपाड़ा स्थित मतदान केंद्र संख्या 427 पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। भाजपा के वरिष्ठ नेता हिसाबी राय के नेतृत्व में उनके आवासीय कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह और जोश के साथ स्थापना दिवस मनाया।
कार्यक्रम की शुरुआत महान विचारकों एवं पार्टी के प्रेरणास्रोत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद भाजपा ध्वज का ध्वजारोहण हुआ और सामूहिक रूप से वंदे मातरम् का गायन कर राष्ट्रभक्ति का माहौल बनाया गया। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं के बीच मिष्ठान वितरण किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता हिसाबी राय ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक राष्ट्रवादी विचारधारा से प्रेरित दल है, जो भारत को सशक्त, समृद्ध और विश्व पटल पर अग्रणी राष्ट्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि 6 अप्रैल 1980 को नई दिल्ली के कोटला मैदान में आयोजित अधिवेशन में पार्टी की स्थापना हुई थी, जिसके प्रथम अध्यक्ष अटल बिहारी वाजपेयी बने।
हिसाबी राय ने कहा कि भाजपा ने भारतीय राजनीति में नई दिशा दी है—एक-दलीय प्रभुत्व की राजनीति को समाप्त कर लोकतंत्र को द्विध्रुवीय बनाया और विकास आधारित राजनीति की मजबूत नींव रखी। उन्होंने वर्तमान में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र की सरकार को जनसमर्थन का प्रतीक बताया।
कार्यक्रम से पहले कार्यकर्ताओं ने बागतीपाड़ा स्थित मनसा मंदिर तालाब में स्वच्छता अभियान चलाकर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।
इस मौके पर वार्ड पार्षद निभा देवी, मंडल महामंत्री सुशील साहा, बूथ अध्यक्ष लव रजक, मनोरंजन देवी सहित मुरारी मंडल, मिथिलेश मंडल, अमित घोष, छोटन मेहरा, रणजीत राम, विश्वजीत राय, बच्चू राय, विपुल दास, अफजल शेख, सैफल शेख, तन्मय दास, शमशाद अंसारी, दीपक ठाकुर, कन्हैया रजक, मोनू जायसवाल, दिलीप मिस्त्री और शंकर दास समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
