Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR): जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के खंडोंकांटा, दुधाजोर, आमझारी और दलानघुटू… ये सिर्फ इलाके नहीं, अब एक ऐसे सच के गवाह हैं जहां दिन में कानून जिंदा दिखता है, और रात होते ही उसकी सांसें थम जाती हैं।
दिन के उजाले में सब कुछ ‘कायदे-कानून’ की चादर ओढ़े नजर आता है- ट्रैक्टर बालू ढोते हैं, भंडारण होता है, और सब कुछ ऐसा लगता है जैसे दूध का दूध, पानी का पानी हो रहा हो। लेकिन ये उजाला धोखा है… असली कहानी अंधेरे के पेट में पल रही है।
जैसे ही रात गिरती है,अमड़ापाड़ा की फिजा बदल जाती है, दिन का संत, रात का सौदागर बन जाता है.. ट्रकों की कतारें ऐसे निकलती हैं जैसे किसी ने कानून को खुद ‘छुट्टी पर भेज’ दिया हो। और बालू नहीं, पूरा सिस्टम लादा जा रहा है और वो भी बेखौफ!
महीनों से चल रहे इस खेल में सरकारी खजाना सरेआम नीलाम हो रहा है, और जिम्मेदार ऐसे खामोश हैं जैसे सांप सूंघ गया हो!नदी घाटों की हालत देखिए धरती का सीना रोज चीरा जा रहा है, ऐसा लगता है जैसे अपना ही घर लूटकर चिराग जलाया जा रहा हो।
अब गांव की चौपालों पर फुसफुसाहट नहीं, खुली हुंकार है यहां चोर नहीं, पूरा तंत्र ही खुला घूम रहा है! दीया तले अंधेरा नहीं, यहां तो अंधेरे का ही साम्राज्य है!
सबसे बड़ा और सबसे खौफनाक सवाल है क्या ये सब बिना ‘इशारे’ के मुमकिन है? या फिर सच्चाई वही है जिसे लोग दबे शब्दों में बोल रहे हैं जिसकी रखवाली उसी की हिस्सेदारी!
अगर अब भी कार्रवाई नहीं हुई, तो याद रखिए जब चिंगारी को हवा मिलती है, तो वो सिर्फ चूल्हा नहीं, पूरा घर जला देती है! फिलहाल अमड़ापाड़ा की हकीकत चीख-चीख कर कह रही है यहां बालू नहीं बह रहा… कानून का वजूद बह रहा है, और सिस्टम खुद अपनी चुप्पी से कटघरे में खड़ा है!
