ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार पर शिकंजा, वाहन चालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत
Zila Tak | Desk (PAKUR) पाकुड़ : जिले में सड़क सुरक्षा और सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए जिला परिवहन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। इसी कड़ी में जिला परिवहन पदाधिकारी के निर्देश पर पाकुड़ बाजार समिति के मुख्य द्वार के सामने विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान बालू लदे तीन ट्रैक्टरों को जब्त किया गया।
सुबह सात बजे से नौ बजे तक चले इस अभियान में जब्त किए गए वाहनों को नगर थाना पाकुड़ में सुरक्षित रखा गया है। वहीं, वाहन मालिकों के विरुद्ध जुर्माना लगाने और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग पर विभाग की नजर
जिला परिवहन विभाग के अनुसार, जिले में सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों में तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाना शामिल है। खासकर बालू, गिट्टी, मिट्टी, डस्ट और ईंट जैसी निर्माण सामग्री की ढुलाई करने वाले ट्रैक्टर चालक अधिक चक्कर लगाने के चक्कर में तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है।
वाहन चालकों को सख्त निर्देश
परिवहन विभाग ने ट्रैक्टर मालिकों और चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वे वाहन के सभी आवश्यक कागजात दुरुस्त रखें और वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाएं। ट्रॉली में निर्धारित क्षमता से अधिक सामग्री लादने पर भी रोक लगाई गई है।
इसके अलावा निर्माण सामग्री की ढुलाई के दौरान ट्रॉली को तिरपाल से ढकने और सड़क किनारे अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने की हिदायत दी गई है।
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
जिला परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर वाहन जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
