Zila Tak Desk
पाकुड़ (PAKUR) : शारदीय नवरात्र की अष्टमी और नवमी तिथि के संयोग पर हिरणपुर प्रखंड के तारापुर-गोविन्दपुर स्थित श्री श्री 108 सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति के पूजा पंडाल में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सोमवार सुबह से ही मां दुर्गा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही से पूजा पंडाल में दिनभर भक्तिमय माहौल बना रहा

इस पावन अवसर पर पश्चिम बंगाल से आए पंडित चंचल गोस्वामी और हिरणपुर के बरमसिया गाँव के पंडित भीम पांडेय वैदिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करा रहे हैं। वहीं, यजमान के रूप में सुबल चंद्र साहा पूजा में शामिल हैं। तपन साहा, अमित और सचिन भी पूजा-अनुष्ठान में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

अष्टमी-नवमी के विशेष संयोग पर मां दुर्गा की आराधना के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। भक्तों ने मां के चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। श्रद्धा और भक्ति से सराबोर तारापुर-गोविन्दपुर का पूजा पंडाल पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का केंद्र बना रहा।
