Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार इन दिनों संथाल परगना के दौरे पर हैं। इसी क्रम में बुधवार को वे पाकुड़ जिले के दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने लिट्टीपाड़ा और हिरणपुर प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों एवं मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्यों की जमीनी हकीकत परखी।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने केवल मतदान केंद्रों का निरीक्षण ही नहीं किया, बल्कि संबंधित गांवों में घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से सीधे संवाद किया और उनके दस्तावेजों एवं मतदाता सूची से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने नो-मैपिंग वाले मतदाताओं के मामलों को गंभीरता से लेते हुए बीएलओ को आवश्यक दस्तावेजों के साथ सत्यापन एवं मैपिंग की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया।
इस दौरान उपायुक्त मेघा भारद्वाज, अनुमंडल पदाधिकारी साइमन मरांडी, हिरणपुर बीडीओ टुडू दिलीप, लिट्टीपाड़ा बीडीओ संजय कुमार, अंचलाधिकारी मनोज कुमार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कमलघाटी पंचायत भवन स्थित बूथ संख्या 75 का निरीक्षण किया और बीएलओ शबाना बेगम से SIR कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। बीएलओ ने बताया कि बूथ से संबंधित छह मतदाता नो-मैपिंग के दायरे में हैं, जबकि 289 मतदाताओं के विवरण में त्रुटियां पाई गई हैं।
इसके बाद के. रवि कुमार कमलघाटी गांव पहुंचकर नो-मैपिंग मतदाता हैदर एवं मरियम बीबी के घर गए और उनसे सीधे बातचीत कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बीएलओ को संबंधित मतदाताओं के दस्तावेजों का सत्यापन कर मैपिंग की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने हाथकाठी स्थित मॉडल प्लस टू विद्यालय के बूथ संख्या 127 एवं 128 का भी निरीक्षण किया और संबंधित बीएलओ को SIR कार्य में तेजी लाने तथा त्रुटियों के निराकरण को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि SIR कार्य जारी है और नो-मैपिंग से जुड़े मामलों पर विशेष फोकस किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों एवं बीएलओ को निर्देश दिया कि मतदाता सूची पुनरीक्षण के कार्य में पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाए।
