Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : युवाओं को जागरूक और सुरक्षित भविष्य की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से हिरणपुर थाना प्रभारी विनय कुमार ने अनुसूचित जनजाति आवासीय विद्यालय, हिरणपुर में विशेष जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को नशा मुक्ति, साइबर अपराध, यातायात नियमों तथा विभिन्न सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी विनय कुमार ने विद्यार्थियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि उसके भविष्य और समाज पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। उन्होंने छात्रों से नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की अपील की।
साथ ही थाना प्रभारी विनय कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, बच्चे अपने पिता के भी पिता होते हैं। उनका आशय था कि बच्चे अपने अच्छे संस्कार, शिक्षा और व्यवहार से न केवल अपना भविष्य बनाते हैं, बल्कि अपने माता-पिता और परिवार को भी सही दिशा दिखाने का काम करते हैं। उन्होंने छात्रों से नशा, अपराध और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर समाज के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।
इसके अलावा विद्यार्थियों को साइबर ठगी से बचाव, सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, यातायात नियमों के पालन, बाल विवाह, बाल मजदूरी, दहेज प्रथा, डायन प्रथा एवं पॉक्सो (POCSO) अधिनियम से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या सामाजिक बुराई की जानकारी तुरंत प्रशासन को देने के लिए प्रेरित किया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाएं शांत कीं। विद्यालय प्रबंधन संदीप कुमार झा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में जागरूकता बढ़ाने और उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
