Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़: जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से 29 पुड़िया ब्राउन शुगर और नकद 2100 रुपये बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह पुलिस अधीक्षक पाकुड़ को सूचना मिली थी कि नगर थाना क्षेत्र के कालिकापुर स्थित बंद पड़े बीड़ी फैक्ट्री के पीछे तालाब के पास अवैध रूप से ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।
छापेमारी टीम जब दंडाधिकारी के साथ मौके पर पहुंची तो वहां कुछ लोग नशा करते पाए गए। पुलिस को देखकर कई लोग भागने लगे, लेकिन टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास रखे दो सिगरेट के डिब्बों से सिल्वर फॉयल में लिपटी 29 पुड़िया ब्राउन शुगर (कुल 6.37 ग्राम) और 2100 रुपये नकद बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमजान शेख (37 वर्ष), निवासी सेकपुर, थाना शमशेरगंज, जिला मुर्शिदाबाद (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है।
इस मामले में नगर थाना कांड संख्या 147/2026 के तहत NDPS एक्ट की धारा 21(b) एवं 22(a) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार पर बड़ी चोट माना जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रहेगा।
