Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : हिरणपुर बाजार में बकरे के मीट की कीमतों में अचानक हुई भारी बढ़ोतरी ने आम ग्राहकों की चिंता बढ़ा दी है। आरोप है कि मांस विक्रेताओं ने बिना किसी सरकारी आदेश या विभागीय अधिसूचना के अपनी मर्जी से मीट के दाम में बड़ा इजाफा कर दिया है।
बताया जा रहा है कि कुछ दिन पहले तक जहां बकरे का मीट 750 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, वहीं अब ग्राहकों से 900 रुपये प्रति किलो तक वसूले जा रहे हैं। यानी सीधे तौर पर करीब 150 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी कर दी गई है। अचानक बढ़े इस रेट से लोगों में नाराजगी है और सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किस आधार पर कीमतों में इतनी बड़ी वृद्धि की गई?
स्थानीय लोगों का कहना है कि मांस विक्रेता जब चाहें अपनी सुविधा के अनुसार कीमतें बढ़ा देते हैं, लेकिन इसकी निगरानी करने वाला कोई नजर नहीं आता। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार में मीट के दाम की जांच कर उचित कार्रवाई की जाए, ताकि ग्राहकों से मनमानी वसूली पर रोक लग सके।
होटल-ढाबों के स्वाद पर भी पड़ेगा असर
मीट की बढ़ी कीमतों का असर अब होटल, ढाबे और अन्य मांसाहारी भोजन बेचने वाले कारोबारियों पर भी पड़ सकता है। कच्चे माल की कीमत बढ़ने से चिकन-मटन व्यंजनों की कीमतों में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है, जिसका सीधा असर आम ग्राहकों की जेब पर पड़ेगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर बाजार में किसी वस्तु के दाम बढ़ाने हैं तो उसके पीछे स्पष्ट कारण और पारदर्शिता होनी चाहिए। बिना सूचना और बिना किसी नियंत्रण के कीमत बढ़ाना उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त बोझ डालना है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है।
