Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : जिला प्रशासन की पहल पर पंचायत स्तर पर आयोजित विशेष प्रमाण-पत्र शिविर आमजनों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। उपायुक्त मेघा भारद्वाज के निर्देशानुसार 15 से 17 जून तक जिले के सभी प्रखंडों में पंचायतवार तीन दिवसीय विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां ग्रामीणों को उनके अधिकार से जुड़े आवश्यक प्रमाण-पत्र सरल, सुलभ और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
शिविरों में स्थानीय निवासी, जाति एवं आय प्रमाण-पत्र से संबंधित आवेदनों की प्राप्ति, जांच, सत्यापन और त्वरित निष्पादन किया जा रहा है। बड़ी संख्या में ग्रामीण इन शिविरों में पहुंचकर आवेदन जमा कर रहे हैं तथा सरकारी सेवाओं का लाभ उठा रहे हैं। कई मामलों में अधिकारियों द्वारा मौके पर ही जांच एवं सत्यापन कर तत्काल निष्पादन किया जा रहा है, जिससे लोगों को बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिल रही है।
जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा किया जा रहा है। पंचायत स्तर पर सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों का समय और धन दोनों की बचत हो रही है। इस पहल को ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक जनसमर्थन भी मिल रहा है।
उपायुक्त के निर्देश पर जिले के वरीय पदाधिकारी विभिन्न पंचायतों में पहुंचकर शिविरों का निरीक्षण कर रहे हैं। निरीक्षण के दौरान उन्होंने आवेदन प्राप्ति, जांच एवं निष्पादन की प्रक्रिया का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे पंचायत स्तर पर आयोजित इन विशेष शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और जाति, आय तथा आवासीय प्रमाण-पत्र से जुड़े कार्यों का निष्पादन यहीं कराएं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने पंचायत क्षेत्र में ही पारदर्शी, सरल और त्वरित सेवाएं उपलब्ध हों।
उन्होंने कहा कि यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन, पारदर्शिता और सेवा वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे विशेष रूप से छात्र-छात्राओं, युवाओं, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को काफी सुविधा मिल रही है। जिला प्रशासन हर पात्र नागरिक तक सरकारी सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
