Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़ पुलिस ने एक बार फिर अपनी दक्षता, त्वरित कार्रवाई और अपराध नियंत्रण की प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए महज 48 घंटे के भीतर एक अज्ञात हत्याकांड का सफल उद्भेदन कर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में प्रयुक्त हथियार के रूप में इस्तेमाल किया गया पत्थर भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, 28 मई 2026 को लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के बड़ा चटकम स्थित जंगल में एक व्यक्ति का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की हालत काफी खराब होने के कारण प्रारंभिक पहचान करना भी चुनौतीपूर्ण था। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर तत्काल एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया।
एसआईटी ने मानवीय सूचनाओं, तकनीकी अनुसंधान और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर गहन जांच शुरू की। जांच के क्रम में मृतक की पहचान सुनील पहाड़िया (35 वर्ष), निवासी राजाभीटा, थाना सुंदरपहाड़ी, जिला गोड्डा के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी अभियान चलाते हुए मामले की कड़ियों को जोड़ना शुरू किया।
पुलिस की अथक मेहनत और सटीक रणनीति रंग लाई और महज 48 घंटे के भीतर हत्या में शामिल दो आरोपियों—जलिया पहाड़िया और धर्मी पहाड़िया—को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया गया।
इस सफल कार्रवाई में एसडीपीओ पाकुड़ के नेतृत्व में गठित एसआईटी, लिट्टीपाड़ा थाना पुलिस एवं सिमलोंग ओपी पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
