Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : जिलेभर की सड़कों पर इन दिनों यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग खुलेआम ‘मौत की सवारी’ बन चुकी है। हालत यह है कि 40 सीटों वाली बसों में क्षमता से कहीं अधिक यात्रियों को ठूंस-ठूंस कर भरा जा रहा है। सीटें भरने के बाद भी लालच यहीं नहीं रुकता यात्रियों को किराया लेकर बसों की छतों पर बैठाया जा रहा है, जिससे हर सफर जानलेवा बन गया है।
सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यात्रियों की जिंदगी से खिलवाड़ करने वाले इन वाहन संचालकों के खिलाफ परिवहन विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो रही है। नतीजतन, संचालकों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं और नियमों की धज्जियां खुलेआम उड़ाई जा रही हैं।
हिरणपुर, लिट्टीपाड़ा, महेशपुर, अमड़ापाड़ा समेत कई इलाकों में यह नजारा रोज देखने को मिल रहा है। ओवरलोडिंग के कारण सड़कों पर हर समय दुर्घटना का खतरा मंडराता रहता है। खराब सड़कों के बावजूद तेज रफ्तार में दौड़ते ये वाहन हादसों को न्योता दे रहे हैं।
दुर्घटना होने के बाद कुछ दिनों तक पुलिस सख्ती जरूर दिखाती है, लेकिन समय बीतते ही हालात फिर पुराने ढर्रे पर लौट आते हैं। चिंताजनक यह भी है कि सवारियों से भरे ओवरलोड वाहन पुलिस के सामने से गुजरते हैं, फिर भी उन पर कोई रोक-टोक नहीं होती।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बस संचालक अधिक मुनाफे के लालच में यात्रियों की जिंदगी को दांव पर लगा रहे हैं। कई वाहन बिना परमिट के चल रहे हैं, तो कई की फिटनेस अवधि भी समाप्त हो चुकी है। इसके बावजूद वे सड़कों पर बेरोकटोक दौड़ रहे हैं।
हाईटेंशन लाइन बना ‘मौत का जाल’
बसों की छत पर बैठकर सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक और खतरा हर पल मंडराता है सड़कों के ऊपर से गुजरने वाली हाईटेंशन लाइन। कई बार यात्रियों को झुककर या बचकर निकलना पड़ता है। जरा सी चूक उनकी जान ले सकती है।
अब सवाल उठता है क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है? अगर समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो यह लापरवाही कभी भी एक बड़े हादसे में बदल सकती है।
