Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़: पश्चिम बंगाल, असम और पांडिचेरी विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की शानदार जीत के बाद पाकुड़ जिले में कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया। लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के हिरणपुर स्थित सुभाष चौक पर भाजपा समर्थक बड़ी संख्या में जुटे और ‘जय श्री राम’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा।
कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर खुशी जाहिर की, एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर बधाइयां दीं और मिठाइयां बांटीं। पूरे क्षेत्र में उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
यह कार्यक्रम मंडल अध्यक्ष सुकुमार मंडल की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। मौके पर अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री कामेश्वर दास, संथाल परगना क्षेत्र के जयंत मंडल, जिला मंत्री जामु मरांडी, अल्पसंख्यक मोर्चा मंडल अध्यक्ष आसिफ अंसारी, मंडल उपाध्यक्ष धर्मेंद्र मंडल तथा सोशल मीडिया प्रभारी (आईटी सेल, जिला) आशीष सेन सहित कई प्रमुख कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जश्न के दौरान कामेश्वर दास ने कहा कि बंगाल की जनता ने भारी बहुमत देकर भाजपा के प्रति अपना विश्वास जताया है। उन्होंने इसे “ऐतिहासिक बदलाव” करार देते हुए कहा कि जनता ने लंबे समय से चले आ रहे कुशासन और भय के माहौल से मुक्ति पाने का रास्ता चुना है।
उन्होंने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व और नीतियों को देते हुए कहा कि इनके मार्गदर्शन में भाजपा ने इन राज्यों में उल्लेखनीय सफलता हासिल की है।
कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया और भविष्य में और बड़ी जीत का विश्वास जताया।
