Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : जिले की प्रशासनिक व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त और जनता के लिए आसान बनाने के इरादे से उपायुक्त मेघा भारद्वाज एक्शन मोड में नजर आईं। समाहरणालय परिसर के विभिन्न कार्यालयों का उन्होंने औचक निरीक्षण कर न सिर्फ व्यवस्थाओं की हकीकत देखी, बल्कि सुधार के लिए साफ और सख्त संदेश भी दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्थापना, सामान्य, निर्वाचन, नीलाम पत्र, भू-अर्जन, राजस्व, डीपीएमयू, आपूर्ति, विधि शाखा और नजारत सहित कई अहम विभागों का जायजा लिया। हर शाखा में चल रहे कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए उन्होंने व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और जनहितकारी बनाने के निर्देश दिए।
इस दौरान उनका रुख बेहद स्पष्ट रहा सरकारी दफ्तर आम जनता के लिए हैं, यहां आने वाले हर व्यक्ति को सम्मान और समय पर सेवा मिलनी चाहिए।” उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को दो टूक शब्दों में कहा कि लापरवाही, देरी और असंवेदनशीलता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने यह भी जोर देकर कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना ही प्रशासन की असली परीक्षा है। इसके लिए हर पदाधिकारी को जिम्मेदारी, जवाबदेही और संवेदनशीलता के साथ काम करना होगा।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी सहित अन्य विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
