Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : कठिन हालात और सीमित संसाधनों के बावजूद प्रतिभा जब मेहनत से मिलती है, तो इतिहास बनता है। इसका जीता-जागता उदाहरण बनी हैं उत्क्रमित उच्च विद्यालय तालपाहड़ी की छात्रा ऋतु कुमारी, जिन्होंने 95.80 प्रतिशत अंक हासिल कर पूरे जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
ऋतु के पिता पवन कुमार साहा एक साधारण किसान हैं, जो दिन-रात खेतों में मेहनत कर अपने बच्चों का भविष्य संवारने में जुटे रहते हैं, जबकि उनकी माता नीलम देवी एक गृहिणी हैं। आर्थिक तंगी के बावजूद परिवार ने कभी ऋतु की पढ़ाई में कमी नहीं आने दी।
अपनी सफलता का श्रेय ऋतु ने अपने माता-पिता के मार्गदर्शन, विद्यालय के शिक्षकों के सहयोग और ट्यूशन शिक्षक चंद्रमोहन पंडित की कड़ी मेहनत को दिया। ऋतु बताती हैं कि उन्होंने स्कूल के साथ-साथ घर पर भी लगातार मेहनत की और शिक्षकों से मिले मार्गदर्शन को अपना लक्ष्य बनाया।
विद्यालय के प्रधान शिक्षक सोनाराम मरांडी ने भी ऋतु की सराहना करते हुए कहा कि वह शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं और उनमें हमेशा आगे बढ़ने की प्रबल इच्छा रही है। वे अक्सर ऋतु को जिला टॉपर बनने के लिए प्रेरित करते थे—और आज वह सपना साकार हो गया।
अब ऋतु का अगला लक्ष्य और भी बड़ा है। वह आगे चलकर UPSC परीक्षा पास कर देश सेवा करना चाहती हैं।
