Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : पाकुड़ जिले के हिरणपुर प्रखंड अंतर्गत चौकिढाप में जिला परिषद द्वारा कराए जा रहे सीढ़ीनुमा घाट निर्माण कार्य में भारी अनियमितताओं का मामला सामने आया है। लाखों रुपये की लागत से बन रहे इस सरकारी योजना में गुणवत्ता मानकों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि घाट का निर्माण नहर के भीतर ही किया जा रहा है, जिससे योजना की वैधता और तकनीकी स्वीकृति पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संबंधित विभाग से इस कार्य के लिए एनओसी (अनापत्ति प्रमाण पत्र) ली गई है या नहीं।
निर्माण कार्य में भी बड़े पैमाने पर लापरवाही बरती जा रही है। जानकारी के अनुसार, जहां बालू का उपयोग होना चाहिए, वहां डस्ट का इस्तेमाल किया जा रहा है। वहीं, घटिया और दागदार बोल्डर लगाकर निर्माण की गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है। इतना ही नहीं, योजना स्थल पर अनिवार्य सूचनापट्ट तक नहीं लगाया गया है, जो पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों में इस अनियमितता को लेकर भारी आक्रोश देखा जा रहा है। उनका आरोप है कि संवेदक द्वारा मनमाने तरीके से काम किया जा रहा है और संबंधित विभाग पूरी तरह मौन है।
इस पूरे मामले पर विभाग के कनीय अभियंता परेश भारती ने कहा कि योजना कार्य की जल्द जांच की जाएगी, जिसके बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अब देखना यह होगा कि यह जांच महज औपचारिकता बनकर रह जाती है या फिर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होती है।
