Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : हिरणपुर प्रखंड के हाथकाठी गांव में सामाजिक सरोकार और मानवता की एक प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई है। यहां युवाओं द्वारा संचालित ‘उम्मीद फाउंडेशन’ ने एक सराहनीय पहल करते हुए पिता के साये से महरूम दो मासूम बच्चियों का बड़तल्ला स्थित मदरसे में निःशुल्क नामांकन करवाया है।
जानकारी के अनुसार, सबीना खातून और साहीना खातून के पिता का करीब तीन वर्ष पूर्व निधन हो गया था। इसके बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया और बच्चियों की पढ़ाई अधर में लटक गई। ऐसे कठिन समय में गांव के युवाओं की संस्था ‘उम्मीद फाउंडेशन’ फरिश्ता बनकर सामने आई और दोनों बच्चियों की शिक्षा की जिम्मेदारी अपने कंधों पर उठा ली।
संस्था के सक्रिय सदस्य मलिक अंसारी ने स्वयं पहल करते हुए बड़तल्ला मदरसे में जाकर दोनों बच्चियों का नामांकन सुनिश्चित कराया। इतना ही नहीं, फाउंडेशन द्वारा उनकी पढ़ाई से जुड़ा पूरा खर्च भी वहन किया जा रहा है।
चेहरों पर लौटी मुस्कान:
नामांकन के बाद दोनों बच्चियों के चेहरे पर खुशी और आत्मविश्वास साफ झलक रहा था। वहीं, उनकी मां ने भी राहत की सांस लेते हुए ‘उम्मीद फाउंडेशन’ के प्रति गहरा आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह मदद उनके बच्चों के भविष्य को नई दिशा देने वाली है।
समाज के लिए मिसाल बन रहे युवा:
हाथकाठी गांव के युवाओं द्वारा स्थापित यह संस्था लगातार जरूरतमंदों की सहायता कर रही है। शिक्षा के क्षेत्र में उठाया गया यह कदम न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा बन रहा है। स्थानीय लोग युवाओं की इस सकारात्मक सोच और पहल की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।
