Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : नगर परिषद चुनाव में बागी तेवर दिखाकर जीत हासिल करने वाली नवनिर्वाचित अध्यक्ष शबरी पाल एक बार फिर सुर्खियों में हैं। रविवार को उन्होंने उपाध्यक्ष राणा ओझा के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कद्दावर नेता और मुख्यमंत्री प्रतिनिधि पंकज मिश्रा से उनके साहिबगंज स्थित आवास पर मुलाकात की।
इस शिष्टाचार मुलाकात में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गुलदस्ता भेंट कर सम्मान जताया, वहीं पंकज मिश्रा ने शबरी पाल और राणा ओझा को जीत की बधाई और शुभकामनाएं दीं।
हालांकि, यह मुलाकात महज औपचारिक बताई जा रही है, लेकिन इसके राजनीतिक मायने अब गहराने लगे हैं। खासकर तब, जब इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं—जिसके बाद पाकुड़ से लेकर राज्य स्तर तक सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
क्यों खास है यह मुलाकात?
शबरी पाल पहले बीजेपी महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष रह चुकी हैं नगर परिषद चुनाव में उन्होंने पार्टी लाइन से हटकर बागी उम्मीदवार के रूप में मैदान संभाला बीजेपी के आधिकारिक समर्थन के खिलाफ चुनाव लड़कर उन्होंने जीत दर्ज की जीत के बाद पार्टी ने उन्हें शो-कॉज नोटिस भी जारी किया
ऐसे में झामुमो के प्रभावशाली नेता पंकज मिश्रा से उनकी मुलाकात ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं—क्या यह सिर्फ शिष्टाचार है या बदलते सियासी समीकरणों का संकेत?
चुनाव का पूरा समीकरण
नगर परिषद चुनाव भले ही गैर-दलीय आधार पर हुआ, लेकिन राजनीतिक दलों की सक्रिय भागीदारी साफ दिखी— कांग्रेस ने मोनिता कुमारी को समर्थन दिया झामुमो ने शेख सेलिना सुल्ताना के पक्ष में प्रचार किया बीजेपी ने संपा साह को खुला समर्थन देते हुए बाबूलाल मरांडी और निशिकांत दुबे जैसे दिग्गजों को मैदान में उतारा इसके बावजूद, सभी समीकरणों को धता बताते हुए बागी शबरी पाल ने जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया।
शबरी पाल की सफाई
मुलाकात पर उठ रहे सवालों के बीच शबरी पाल ने साफ कहा—यह मुलाकात पूरी तरह शिष्टाचार और शहर के विकास को लेकर थी, इसका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।
आगे क्या?
शाबरी पाल की यह मुलाकात अब सिर्फ एक फोटो तक सीमित नहीं रही, बल्कि उनके भविष्य के राजनीतिक कदमों को लेकर कयासों का बाजार गर्म कर चुकी है। क्या यह विकास की पहल है या नई राजनीतिक पारी की शुरुआत—यह आने वाला वक्त तय करेगा।
