Zila Tak Desk
पटना (PATNA) : बिहार की राजनीति इन दिनों तेज उबाल पर है। Nitish Kumar के राज्यसभा जाने की अटकलों के बीच राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज होती नजर आ रही है। मुख्यमंत्री आवास पर लगातार नेताओं की आवाजाही बढ़ गई है, जिससे सियासी सरगर्मी और भी तेज हो गई है।
सूत्रों के मुताबिक, 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद 15 अप्रैल को नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण की संभावना जताई जा रही है। इस बीच Samrat Choudhary का नाम बिहार के अगले मुख्यमंत्री के तौर पर सबसे आगे बताया जा रहा है।
नीतीश मॉडल पर ही चलेगा बिहार
जदयू और भाजपा के नेता भले ही खुलकर कुछ कहने से बच रहे हों, लेकिन संकेत साफ हैं कि सरकार का ढांचा और नीतियां नीतीश कुमार के मॉडल पर ही आधारित रहेंगी। जदयू प्रदेश अध्यक्ष Umesh Kushwaha ने कहा कि नेतृत्व चाहे जिसका भी हो, बिहार नीतीश कुमार के विकास मॉडल पर ही आगे बढ़ेगा और अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व मिलकर करेगा।
वहीं जदयू के वरिष्ठ नेता Maheshwar Hazari ने मुलाकात के बाद कहा कि सब कुछ ठीक है, लेकिन नीतीश कुमार के आवास बदलने की चर्चा से वे भावुक हो गए और बिना कुछ बोले आगे बढ़ गए।
डिप्टी सीएम पद पर भी चर्चा
डिप्टी मुख्यमंत्री पद को लेकर भी कयासों का दौर जारी है। सूत्रों के अनुसार, जदयू की ओर से Nishant Kumar को यह जिम्मेदारी मिल सकती है, हालांकि इस पर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
शीर्ष नेतृत्व करेगा फैसला
मंत्री Lakhan Paswan ने बताया कि वे 13 अप्रैल को बापू सभागार में आयोजित Ambedkar Jayanti कार्यक्रम के निमंत्रण के लिए मुख्यमंत्री आवास पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि सरकार गठन और मुख्यमंत्री के चेहरे पर अंतिम निर्णय शीर्ष नेतृत्व ही करेगा।
फिलहाल, बिहार में सियासी घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं। अगर सूत्रों की मानें, तो 14 और 15 अप्रैल राज्य की राजनीति के लिए बेहद अहम दिन साबित हो सकते हैं, जब बिहार को नया नेतृत्व मिल सकता है।
