पाकुड़ (PAKUR): महेशपुर थाना क्षेत्र के अमलागांछी गांव के समीप स्थित एक होटल में चल रहे नकली शराब के अवैध कारोबार का उत्पाद विभाग ने पर्दाफाश किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में टीम ने 15.345 लीटर बंगाल निर्मित संदिग्ध नकली शराब जब्त करते हुए होटल मालिक बोना पहाड़िया को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक बिक्रम कुमार को सूचना मिली थी कि उक्त होटल में लंबे समय से नकली शराब की बिक्री और आपूर्ति की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभागीय टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए होटल पर छापेमारी की, जहां आरोपी को रंगे हाथों दबोच लिया गया।
छापेमारी के दौरान विभिन्न ब्रांड की शराब बरामद हुई, जिसमें 750ml रॉयल स्टैग की 9 बोतलें, 375ml की 15 बोतलें, 180ml की 1 बोतल शामिल हैं। इसके अलावा B7 ब्रांड की 375ml की 6 बोतलें और 180ml की 3 बोतलें भी जब्त की गईं।
उत्पाद विभाग ने सभी संदिग्ध शराब को कब्जे में लेकर मामले की जांच तेज कर दी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है, ताकि इस अवैध नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का भी खुलासा किया जा सके। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस तरह के अवैध कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
