Zila Tak/Desk
पाकुड़ (PAKUR): जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अंचलाधिकारी हिरणपुर के नेतृत्व में चलाए गए विशेष छापामारी अभियान के दौरान मानसिंहपुर के पास एक ट्रक (JH10CG-4460) को अवैध रूप से गिट्टी/चिप्स का परिवहन करते हुए पकड़ा गया।
जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि उक्त वाहन बिना वैध माइनिंग चालान के खनिज ढो रहा था, जिसके बाद तत्काल कार्रवाई करते हुए ट्रक को जब्त कर लिया गया। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए वाहन चालक एवं मालिक के खिलाफ हिरणपुर थाना कांड संख्या 19/26, दिनांक 07.04.2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
आरोपियों पर बीएनएस की धारा 317(5)/3(5) के साथ-साथ एमएमडीआर एक्ट 1957 की धारा 4/21, जेएमएमसी नियमावली 2004 की धारा 54 एवं जेएमपीआईएमटीएस एक्ट 2017 की धारा 7/9/13 के तहत कार्रवाई की गई है।
प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अवैध खनन और बिना चालान खनिज परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
