Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR): में कानून व्यवस्था को धार देने के लिए चलाया गया वारंट निष्पादन अभियान अब बड़ी सफलता की कहानी बन चुका है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के कुशल नेतृत्व और सख्त मॉनिटरिंग में जिलेभर में बीते 10 महीनों के दौरान 3386 वारंटों का निष्पादन कर पुलिस ने अपराधियों के बीच खौफ पैदा कर दिया है।
यह कार्रवाई न सिर्फ आंकड़ों में बड़ी है, बल्कि यह स्पष्ट संकेत भी देती है कि अब कानून से बच निकलना आसान नहीं रहा।
इस अभियान में महेशपुर थाना ने सबसे आक्रामक प्रदर्शन करते हुए 1018 वारंटों का निष्पादन किया। इसके अलावा नगर थाना (749) और पाकुड़ (मु.) थाना (432) ने भी उल्लेखनीय योगदान देकर अभियान को गति दी।
पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की सख्त रणनीति, लगातार समीक्षा और फील्ड पर फोकस का ही नतीजा है कि यह अभियान इतनी बड़ी सफलता तक पहुंच सका। उनके नेतृत्व में पुलिस टीम ने न सिर्फ लंबित मामलों को तेजी से निपटाया, बल्कि फरार आरोपियों को कानून के दायरे में लाने का ठोस काम किया।
पुलिस ने साफ कर दिया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी वारंटी को बख्शा नहीं जाएगा।
