Zila Tak| Desk
रांची (RANCHI):झारखंड में सोमवार का दिन न्याय व्यवस्था के लिए चिंता और सतर्कता का संकेत लेकर आया, जब एक ही दिन में तीन अलग-अलग अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिली। सबसे पहले साहिबगंज के बाद अब धनबाद और राँची सिविल कोर्ट को भी ई-मेल के जरिए धमकी मिलने से प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
धनबाद सिविल कोर्ट को भेजे गए धमकी भरे ई-मेल के बाद पूरे न्यायालय परिसर में तुरंत सघन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने बारीकी से हर कोने की तलाशी ली, हालांकि अब तक किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
इधर राजधानी राँची में भी सिविल कोर्ट को इसी तरह की धमकी मिलने से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और जांच शुरू कर दी गई। कोर्ट परिसर में आने-जाने वालों पर विशेष नजर रखी जा रही है।
लगातार मिल रही इन धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी है। शुरुआती जांच में ई-मेल के स्रोत का पता लगाने की कोशिश की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत है या इसके पीछे कोई संगठित साजिश।
फिलहाल तीनों मामलों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस हाई अलर्ट पर है और हर स्तर पर जांच तेज कर दी गई है। न्यायालय परिसरों की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते टाला जा सके।
